लखनऊ, 5 जुलाई 2026। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को वरिष्ठ साहित्यकार विद्या बिंदु सिंह के लखनऊ स्थित आवास पर पहुंचकर साहित्यकारों और कलाकारों से मुलाकात की। करीब 11:27 बजे पहुंचे नितिन नबीन ने देर से पहुंचने पर हाथ जोड़कर क्षमा मांगी। उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।
लोकगायिका मालिनी अवस्थी भी रहीं मौजूद, लखनऊ की संस्कृति और खानपान पर हुई बातचीत
आवास पर दोनों नेताओं का साहित्यकारों और कलाकारों ने स्वागत किया। इसके बाद एक कमरे में करीब 20 मिनट तक 12 से 15 साहित्यकारों और कलाकारों के साथ अनौपचारिक चर्चा हुई। इस बैठक में प्रसिद्ध लोकगायिका मालिनी अवस्थी भी शामिल रहीं।
विद्या बिंदु सिंह हिंदी और अवधी की प्रतिष्ठित लेखिका हैं। उन्होंने 100 से अधिक कविताएं, कहानियां और लोकगीत लिखे हैं, जिनमें रक्षाबंधन पर आधारित लोकगीत विशेष रूप से चर्चित हैं। उन्हें वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश सरकार के हिंदी गौरव सम्मान तथा वर्ष 2022 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। उनका जन्म अयोध्या के जैतपुर में हुआ और उन्होंने हिंदी साहित्य में स्नातकोत्तर तथा पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।
बैठक के बाद मालिनी अवस्थी ने बताया कि नितिन नबीन ने बेहद सहज वातावरण में साहित्यकारों और कलाकारों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि चर्चा पूरी तरह लखनऊ की संस्कृति, साहित्य और खानपान पर केंद्रित रही तथा किसी प्रकार की राजनीतिक बातचीत नहीं हुई। बैठक के दौरान अतिथियों ने दही-जलेबी का भी स्वाद लिया।
इसके बाद दोपहर करीब 1:40 बजे नितिन नबीन का काफिला उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पहुंचा, जहां योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे। यहां शीर्ष नेतृत्व के बीच आगे की संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई।
