लखनऊ, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आराधना मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के आरोप बेहद गंभीर हैं और इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केवल बयान जारी कर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि यदि आरएसएस इस मामले से स्वयं को अलग बता रहा है तो उसे स्पष्ट करना चाहिए कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव जैसे लोग आरएसएस से जुड़े हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि यदि कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं तो अब तक किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज क्यों नहीं की गई।
आराधना मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद सरकार की देखरेख में ट्रस्ट का गठन किया गया था। ऐसे में सरकार इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि करोड़ों रुपये के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोप हैं, तो प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग (आईटी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी केंद्रीय एजेंसियां अब तक सक्रिय क्यों नहीं हुईं।
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले में शीघ्र एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ सके और श्रद्धालुओं की आस्था पर उठे सवालों का समाधान हो सके।
