योगी सरकार का दावा: 9 साल में 62 लाख परिवारों को मिला पक्का घर, 79 लाख किसानों को फसल बीमा का लाभ

 लखनऊ, 02 जुलाई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने दावा किया है कि वर्ष 2017 में प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अभूतपूर्व तेजी आई है। सरकार का कहना है कि पहले राजनीतिक कारणों से केंद्रीय योजनाओं के प्रभावी संचालन में बाधाएं उत्पन्न की जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का कार्य किया है।

गुरुवार को जारी सरकारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2014 से 2017 के बीच प्रदेश में 50 हजार से भी कम आवास बनाए गए थे। सरकार का आरोप है कि उस समय केंद्र सरकार को लाभार्थियों की सूची भेजने और राज्यांश जारी करने में भी देरी की जाती थी। वहीं, वर्ष 2017 के बाद पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के 62 लाख से अधिक परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराया गया है।

सरकार ने गिनाईं केंद्र की योजनाओं की उपलब्धियां, कहा- डबल इंजन सरकार में आवास, फसल बीमा, शौचालय और उज्ज्वला योजना के क्रियान्वयन में आई तेजी

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उल्लेख करते हुए सरकार ने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के केवल लगभग तीन प्रतिशत किसानों का ही बीमा हो पाया था। जबकि पिछले नौ वर्षों में 79 लाख से अधिक किसानों को 6,283 करोड़ रुपये से अधिक का बीमा भुगतान किया जा चुका है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिली है।

स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सरकार ने कहा कि मार्च 2017 तक उत्तर प्रदेश में ग्रामीण स्वच्छता का दायरा केवल 35 प्रतिशत था और राज्य का कोई भी जिला खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) घोषित नहीं हुआ था। सरकार के अनुसार, वर्ष 2017 के बाद 3.31 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, जिसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश को शत-प्रतिशत ओडीएफ राज्य घोषित किया गया।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के संबंध में सरकार ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय बड़ी संख्या में लाभार्थी पहला सिलेंडर खत्म होने के बाद दूसरा सिलेंडर नहीं भरवा पाते थे। योगी सरकार के कार्यकाल में पिछले नौ वर्षों में 1.86 करोड़ से अधिक महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही, राज्य सरकार अब होली और दीपावली के अवसर पर पात्र लाभार्थियों को दो मुफ्त गैस सिलेंडर रिफिल भी उपलब्ध करा रही है।

सरकार का दावा है कि डबल इंजन सरकार की समन्वित कार्यप्रणाली के कारण केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के करोड़ों लोगों तक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंचा है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में जीवन स्तर में सुधार आया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *