लखनऊ, 01 जुलाई। राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र स्थित तकरोही गांव के संतपुरम में स्थित प्राचीन साईं चेतना सनातन धर्म मंदिर से देर रात एक चोर दान पेटी चोरी कर फरार हो गया। मंदिर परिसर का शीशा तोड़कर अंदर घुसे आरोपी ने पूरी दान पेटी उठा ली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दान पेटी में कितनी धनराशि थी।
घटना मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2:17 बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक युवक दान पेटी लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से आशंका जताई गई है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला युवक सुल्तान नाम का है, हालांकि पुलिस का कहना है कि उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जा सकेगी।
सूचना मिलने पर इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार संतपुरम स्थित यह प्राचीन साईं मंदिर वर्षों पुराना है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर से दान पेटी चोरी होने की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
भाजपा मंडल महामंत्री आशीष कुमार तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से 15 से 20 दिन के अंतराल पर चोरी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि रात्रि गश्त बढ़ाने के लिए पहले भी पुलिस को पत्र दिया गया था, लेकिन पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरियों और अब मंदिर को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है तथा जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
