सपा ने उत्साह और जोश के साथ मनाया अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन, पौधारोपण-साइकिल वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित

 लखनऊ, 01 जुलाई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को पूरे प्रदेश में उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। लखनऊ में पार्टी कार्यालय से लेकर उनके आवास तक समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर पौधारोपण, साइकिल वितरण, शुभकामना समारोह और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समाजवादी छात्र सभा ने लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिवस के अवसर पर 53 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्र नेता आदित्य पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी छात्र सभा छात्रों और युवाओं के शिक्षा, रोजगार और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी तथा समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का कार्य जारी रखेगी।

अखिलेश यादव के लखनऊ स्थित आवास के बाहर किन्नर समाज ने ढोल-नगाड़ों के साथ उत्सव मनाया। किन्नर समाज के लोगों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा के निरंतर सफल रहने की कामना की।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भी जन्मदिन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर हजारों साइकिलों के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे दिन सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस मौके पर रोहित यादव, आदित्य पाण्डेय, अक्षत पाण्डेय, रवि नन्दन यादव, प्रभात मानव, रुद्रांश, आर्यन, रुद्र सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *