सीएम धामी ने चम्पावत को 164 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिला अस्पताल में शुरू हुई अत्याधुनिक एमआरआई सुविधा

चम्पावत, 29 जून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने गृह जनपद चम्पावत को 164 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ जिला चिकित्सालय में लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत को उत्तराखंड का मॉडल जिला बनाने के संकल्प के साथ योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने 123.79 करोड़ रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 27.79 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई आठ परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 96 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अलावा 3.50 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन तथा रोडवेज बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया गया।

123.79 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, बहुमंजिला पार्किंग, सिटी सेंटर और स्वास्थ्य परियोजनाओं को मिली रफ्तार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लगभग 62.33 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स शहर की पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान करेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र, ओपन जिम, कृषि महाविद्यालय, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज तथा अत्याधुनिक साइंस सेंटर जैसी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के विजन के अनुरूप प्रदेश सरकार मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर तथा मां वाराही धाम के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से चम्पावत, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल तथा सीमांत क्षेत्रों के लाखों लोगों को एमआरआई जांच के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में 40 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। जिला चिकित्सालय में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। इसके अलावा 11.71 करोड़ रुपये की लागत से डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग सुविधा का निर्माण भी तेजी से जारी है। उन्होंने बताया कि अमोड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।

धामी ने कहा कि आयुष्मान भारत और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निशुल्क एवं कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों के जवानों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, शिक्षकों, उद्यमियों, टैक्सी यूनियन के प्रतिनिधियों, बैंक कर्मियों, अधिवक्ताओं तथा मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने खटकना पुल स्थित एटलस पावर हाउस जिम का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *