प्रभारी मंत्री और महापौर ने वार्डों का निरीक्षण किया,नाला निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश

लखनऊ,04 जून 2026 (यूएनएस)। लखनऊ के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर सुषमा खर्कवाल ने गुरुवार सुबह नगर निगम जोन-4 के चार वार्डों का निरीक्षण कर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। खरगापुर सरसवां वार्ड के सेक्टर-5 गोमती नगर एक्सटेंशन, गीतापुरी चौराहा और खरगापुर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। संकट मोचन द्वार के पास निर्माणाधीन नाले का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को 19 जून तक कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

भरवारा-मल्हौर वार्ड में एसटीपी एमिटी रोड स्थित खाली प्लॉट का निरीक्षण किया गया। क्षेत्र में साफ-सफाई कराने के साथ ही प्लॉट मालिकों को नोटिस जारी कर बाउंड्री वॉल निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि कूड़ा डंपिंग और अतिक्रमण पर रोक लगाई जा सके। चिनहट प्रथम वार्ड में चिनहट चौराहा स्थित बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। यहां अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।

साथ ही यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और व्यापारियों व नागरिकों की सुविधा के लिए बाजार के पास पार्किंग व्यवस्था विकसित करने को कहा गया। मिठाई वाला चौराहा स्थित पीसीटीएस का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई और व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर प्रभारी मंत्री और महापौर ने अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना की। प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने स्वच्छता, जल निकासी, यातायात प्रबंधन और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अभिनव रंजन श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ इंजीनियर आरआर मनोज प्रभात समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *