रोमांचक टक्कर के बाद आरिफ बेहतर टाईब्रेक स्कोर के चलते चैंपियन

लखनऊ, 1 जून 2026। वरिष्ठ जिला चैंपियन आरिफ अली ने वीकेंड डिजिटल डिटॉक्स रैपिड ओपन शतरंज टूर्नामेंट में बेहतर टाईब्रेक स्कोर की बदौलत विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। चेस क्लब ब्लैक एंड व्हाइट (सीसीबीडब्ल्यू) द्वारा शहर के एक निजी होटल में आयोजित टूर्नामेंट में राज्यभर से आए करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
टूर्नामेंट में आरिफ और राज्य कर विभाग में कार्यरत शहर के सुप्रसिद्ध कोच पवन बाथम ने अंतिम राउंड के बाद 7 में से समान 6.5-6.5 अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से सर्वाधिक स्कोर हासिल किया। हालांकि आरिफ अली टाईब्रेक में बढ़त के कारण विजेता रहे। टूर्नामेंट के दौरान सीसीबीडब्ल्यू द्वारा विश्व माता-पिता दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव मैगन ने पुरस्कार वितरित किए।
टूर्नामेंट में सीनियर सिटीजन श्रेणी में कपिल कुमार खरे सर्वाधिक पांच अंक के साथ पहले स्थान पर रहे। सईद अहमद को 4.5 अंक के साथ दूसरा स्थान मिला जबकि मोहम्मद सैयद इरफान 4 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं अंडर-16 रेटेड श्रेणी में शीर्ष तीन खिलाड़ी सारांश शुक्ला, शुभ श्रीवास्तव और अभिज्ञान कटियार ने समान 5-5 अंक हासिल किए।
अनरेटेड श्रेणी में शीर्ष तीन खिलाड़ियों में कार्तिक अग्रवाल 4.5 अंक के साथ पहले स्थान पर रहे जबकि सिद्धांत चोपड़ा और निखार सक्सेना ने 4-4 अंक हासिल किए। जूनियर वर्ग में अंशुमान गुप्ता सभी सात मुकाबले जीतकर 7 में से 7 अंक प्राप्त कर चैंपियन बने, वहीं उत्कर्ष शर्मा 6 अंकों के साथ उपविजेता रहे। महिला वर्ग में नुज़हत जबीन, नीलम गुप्ता और नव्या जोशी ने 3-3 अंक अर्जित कर सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ियों का सम्मान प्राप्त किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *