मेरी सरकार बनी तो 1 रुपये में एमबीबीएस कराऊंगा: चंद्रशेखर आजाद

लखनऊ, 30 मई 2026 (यूएनएस)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा चुनावी ऐलान करते हुए कहा कि यदि उनकी सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश में मात्र 1 रुपये में एमबीबीएस की पढ़ाई कराई जाएगी। इसके साथ ही वकालत और इंजीनियरिंग की शिक्षा भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का सबसे बड़ा संकल्प शिक्षा को सभी के लिए सुलभ बनाना है।

विधानसभा मार्ग स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में चंद्रशेखर आजाद ने “सत्ता परिवर्तन यात्रा” की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए उनकी पार्टी व्यापक आंदोलन चलाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी का संकल्प राम मंदिर निर्माण था, उसी प्रकार आजाद समाज पार्टी का संकल्प मुफ्त और समान शिक्षा व्यवस्था लागू करना है।

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर कक्षा 1 से 12 तक सभी बच्चों को समान शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए गरीबों को मुफ्त दवा और इलाज की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति का आधार हैं और इन्हें व्यावसायिक गतिविधि नहीं बनने दिया जा सकता।

युवाओं से जुड़े मुद्दों पर बोलते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं देश और प्रदेश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक को संगठित अपराध की श्रेणी में रखा जाए और इसके दोषियों को हत्या जैसे गंभीर अपराधों के समान कठोर सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवाओं के लिए निःशुल्क प्रवेश परीक्षा और गृह जनपद में परीक्षा केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण देने के पक्ष में है। साथ ही अति पिछड़ी जातियों के लिए 15 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण तथा महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने पिछड़े वर्गों को लोकसभा और राज्यसभा में भी आरक्षण दिए जाने की वकालत की।

किसानों और कर्मचारियों के हितों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी तथा फसलों के नुकसान की भरपाई की गारंटी दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रीपेड बिजली मीटर के मुद्दे पर उनकी पार्टी के संघर्ष के कारण सरकार को पीछे हटना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होने के बाद सरकार पुनः स्मार्ट मीटर लागू करने का प्रयास कर सकती है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन प्रदेश में हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अदालत द्वारा मांगी गई कथित माफियाओं की सूची सार्वजनिक करनी चाहिए ताकि जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।

उन्होंने घोषणा की कि 4 जून को उनकी पार्टी “व्यवस्था परिवर्तन दिवस” मनाएगी और इसी दिन बिजनौर से सत्ता परिवर्तन यात्रा की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए जनजागरण अभियान होगी।

कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने विधानसभा मार्ग स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश स्थल को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थल के स्वरूप में परिवर्तन का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस स्मारक के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई तो उनकी पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिकेत धानुक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बाबा साहब के अस्थि कलश स्थल की मौजूदा स्थिति को बनाए रखने और संविधान निर्माता के प्रति सम्मान बनाए रखने की मांग की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *