मऊ से मुख्यमंत्री योगी का माफिया पर बड़ा हमला, बोले- अब खुली जीप में पिस्टल लहराकर किसी हिंदू को धमका नहीं सकता गुंडा

लखनऊ/मऊ, 29 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ से माफिया और अपराधियों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अब प्रदेश में किसी गुंडे और माफिया का दुस्साहस नहीं है कि वह खुलेआम पिस्टल लहराते हुए किसी हिंदू को धमका सके। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालने या बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने की कोशिश की तो उसकी “रावण और कंस जैसी दुर्गति” तय है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मऊ के गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 392 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 114 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास और पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर हमला बोला।

“त्योहारों में उपद्रव करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में रामलीला, यज्ञ-कथा, जन्माष्टमी, रामनवमी, शिवरात्रि और रक्षाबंधन जैसे धार्मिक आयोजनों में व्यवधान डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों में सरकार का भय साफ दिखाई देता है।

उन्होंने कहा, “यदि किसी ने बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास किया तो उसका इंतजार केवल यमराज करेंगे।”

2005 के मऊ दंगों का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2005 में मऊ में हुए दंगों का उल्लेख करते हुए विपक्षी दलों, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय सत्ता के संरक्षण में माफिया रामलीला जैसे धार्मिक आयोजनों में बाधा डालते थे और निर्दोष लोगों की हत्या होती थी।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उस दौर में सरकार माफिया के सामने नतमस्तक थी, जबकि आज अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।

“अच्छी सरकार विकास लेकर आती है”

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास बिना किसी भेदभाव के सभी नागरिकों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने का माध्यम होता है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, स्वास्थ्य केंद्र और बाढ़ सुरक्षा जैसी सुविधाएं जाति देखकर काम नहीं करतीं।

उन्होंने कहा कि जब “अच्छे लोग” चुने जाते हैं तो अच्छी सरकार बनती है और वही सरकार विकास को गति देती है।

केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गरीब, युवा, महिला और किसान को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 65 लाख गरीबों को आवास, लगभग ढाई करोड़ परिवारों को शौचालय और 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 10 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जनआरोग्य योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का भी जिक्र किया और कहा कि आपदा में किसान परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

मऊ को मिली 114 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन 114 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, उनमें सड़क, पुल-पुलिया, ग्रामीण पेयजल, पुलिस अवस्थापना, स्वास्थ्य, पर्यटन, आईटीआई, राजकीय पॉलीटेक्निक और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि गोरखपुर से वाराणसी तक फोर-लेन सड़क बनने से मऊ की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है और अब मऊ से गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज की दूरी काफी कम हो गई है।

उन्होंने घोसी चीनी मिल के विस्तार के लिए प्रस्ताव मांगे जाने की जानकारी भी दी।

कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में एके शर्मा, दारा सिंह चौहान, ओमप्रकाश राजभर, गिरीश चंद्र यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *