यूपी में 29-30 मई को मौसम का रेड अलर्ट, तेज आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की चेतावनी

लखनऊ, 29 मई (यूएनएस)। मौसम विज्ञान केंद्र मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के लिए 29 मई की सुबह से 30 मई की सुबह तक खतरनाक मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, ओलावृष्टि, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है, जिसकी गति कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

इन जिलों में तेज तूफान का अलर्ट

विभाग ने बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, कानपुर, लखनऊ, आगरा, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद और मेरठ समेत आसपास के जिलों में तेज आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की है।

कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। विशेष रूप से वाराणसी, गोंडा, श्रावस्ती, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के क्षेत्रों में ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

वज्रपात और मेघगर्जन का भी खतरा

प्रदेश के लगभग सभी जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, अमेठी, सुल्तानपुर और अयोध्या सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है।

पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, रामपुर, बरेली और पीलीभीत में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *