नई दिल्ली। भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम में बालों की देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन ने कहा है कि गर्मियों में अत्यधिक पसीना बालों के झड़ने, डैंड्रफ और स्कैल्प इंफेक्शन की बड़ी वजह बन सकता है। उन्होंने सलाह दी कि इस मौसम में बालों की सही देखभाल और संतुलित खानपान अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है।
शहनाज हुसैन के अनुसार गर्मियों और बरसात के मौसम में पसीने के कारण स्कैल्प पर चिकनाई और गंदगी जमा होने लगती है, जिससे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं। उन्होंने बताया कि पसीने में मौजूद लैक्टिक एसिड बालों के केराटिन को नुकसान पहुंचाता है, जिससे बाल बेजान और कमजोर हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से बालों की प्राकृतिक नमी खत्म हो जाती है। इससे बाल सूखे, कमजोर और दोमुंहे होने लगते हैं। पसीना बालों की जड़ों में जमकर बैक्टीरिया और फंगल संक्रमण को बढ़ावा देता है, जिससे डैंड्रफ और हेयरफॉल की समस्या गंभीर हो सकती है।
शहनाज हुसैन ने सलाह दी कि गर्मियों में सिर पर अत्यधिक तेल लगाने से बचना चाहिए और नियमित रूप से कंडीशनर युक्त शैंपू से बाल साफ करने चाहिए। उन्होंने स्कैल्प की हल्के हाथों से तेल मालिश, आंवला हॉट ऑयल ट्रीटमेंट और हेयर मास्क को लाभदायक बताया।
उन्होंने कहा कि एलोवेरा बालों और स्कैल्प की प्राकृतिक नमी बनाए रखने में बेहद मददगार है। एलोवेरा जेल को स्कैल्प पर लगाने और आधे घंटे बाद साफ पानी से धोने से खुजली और रूखेपन में राहत मिलती है।
सौंदर्य विशेषज्ञ ने गर्मियों में टाइट हेयर स्टाइल, पोनीटेल और जूड़ा बनाने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बालों को खुला रखने से हवा का प्रवाह बना रहता है और पसीना कम जमा होता है।
उन्होंने हेयर ड्रायर और स्ट्रेटनर जैसे हीट स्टाइलिंग टूल्स के अधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह देते हुए कहा कि गर्मियों में बाल पहले से ही सूखे रहते हैं, ऐसे में अतिरिक्त गर्मी उन्हें और नुकसान पहुंचा सकती है।
शहनाज हुसैन ने बताया कि एप्पल साइडर विनेगर स्कैल्प का पीएच संतुलित रखने और पसीने को नियंत्रित करने में मदद करता है। इसके लिए गुनगुने पानी में एक चम्मच एप्पल साइडर विनेगर मिलाकर स्कैल्प की मालिश करने और कुछ मिनट बाद धोने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि गर्मियों में पर्याप्त पानी पीना और पौष्टिक आहार लेना बेहद जरूरी है। सलाद, फल, हरी सब्जियां, जूस, बादाम, काजू और अखरोट जैसे खाद्य पदार्थ बालों को पोषण देते हैं। वहीं मसालेदार भोजन, जंक फूड और अधिक कैफीन से बचना चाहिए क्योंकि ये शरीर में गर्मी और पसीना बढ़ाते हैं।
उन्होंने यह भी सलाह दी कि सप्ताह में एक या दो बार बालों को गुलाब जल से धोने से बालों की बदबू, चिपचिपाहट दूर होती है और बाल मुलायम व खुशबूदार बने रहते हैं।
