देवरिया/लखनऊ, 22 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले प्रदेश की पहचान “एक जिला-एक गुंडा और माफिया” के रूप में होती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश “एक जिला-एक उत्पाद”, सुशासन और कानून व्यवस्था के लिए जाना जा रहा है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को देवरिया शहर से सटे पोखरभिंडा गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 655 करोड़ 45 लाख रुपये की 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
उन्होंने कहा कि देवरिया की जनता ने भाजपा को जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत दिलाई थी और सरकार ने भी जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे गए विकास प्रस्तावों को मंजूरी देकर क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य आगे बढ़ाए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि जनता के एक वोट की ताकत से अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना और आज मथुरा, काशी, विंध्यवासिनी धाम तथा वृंदावन जैसे धार्मिक स्थल अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ विकसित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं, बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि महिलाओं से छेड़छाड़ करने वालों के लिए “अगले चौराहे पर यमराज इंतजार करते हैं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद उत्तर प्रदेश की छवि में व्यापक बदलाव आया है। अपराध, भ्रष्टाचार और अराजकता से बाहर निकलकर प्रदेश ने राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति दी है। साथ ही नए हवाई अड्डों के निर्माण और संचालन से हवाई यात्रा भी आम लोगों की पहुंच में आई है।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार ने माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और कई माफियाओं को “मिट्टी में मिलाने” का काम किया गया है। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश निवेश के लिए देश के सबसे सुरक्षित और पसंदीदा राज्यों में शामिल हो चुका है, जिससे रोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता का माहौल रहता था, जबकि वर्तमान “डबल इंजन सरकार” महिलाओं, किसानों और आम जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ विकास को नई दिशा दे रही है।
