महंगाई की डबल मार: पेट्रोल-डीजल फिर महंगा, पांच दिन में दूसरी बढ़ोतरी से बढ़ी लोगों की चिंता

नई दिल्ली, 19 मई 2026। देश में आम आदमी को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में मंगलवार को फिर बढ़ोतरी कर दी गई। तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। पांच दिनों के भीतर ईंधन कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

इससे पहले पिछले सप्ताह भी पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब तीन रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया था। लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। परिवहन लागत बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं और खाद्य सामग्री की कीमतों में भी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अस्थिर स्थिति के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। इसका असर घरेलू ईंधन कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है।

नई दरों के बाद राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 109.70 रुपये और डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

पेट्रोलियम कंपनियों का कहना है कि उन्हें हर महीने करीब 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। पिछली बढ़ोतरी के बाद भी केवल लगभग चार हजार करोड़ रुपये की ही भरपाई हो पाई थी।

लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ परिवहन और व्यापार क्षेत्र की चिंता भी बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में राहत नहीं मिली, तो आने वाले दिनों में महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *