राष्ट्रवाद ही भाजपा कार्यकर्ताओं का मूल संस्कार : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 17 मई 2026। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रवाद के भाव से आचरण करना ही भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी के संस्थापकों के आदर्शों और मूल्यों पर चलते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करता है।

मुख्यमंत्री रविवार को गोरखपुर के सहजनवा विधानसभा क्षेत्र स्थित तेनुआ टोल प्लाजा के समीप आयोजित भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित किया गया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके जैसे दलों के भ्रष्टाचारपूर्ण आचरण को सम्मान नहीं देता, जबकि भाजपा कार्यकर्ता को समाज में सम्मान इसलिए मिलता है क्योंकि उसके व्यवहार में राष्ट्रवाद और भारतीयता की भावना दिखाई देती है।

गोरखपुर में जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री ने दिया ‘राष्ट्र प्रथम’ का मंत्र

उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग में शामिल कार्यकर्ताओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश की सुरक्षा, संस्कृति, सुशासन और समृद्धि को साथ लेकर चलती है और केंद्र व राज्य सरकारों ने इसी विचार को अपने कार्यक्रमों का आधार बनाया है।

भाजपा के इतिहास और विकास विषय पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थापना के 50 वर्ष से भी कम समय में भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है और देश के 22 राज्यों में राष्ट्रवाद की विचारधारा को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की इकलौती ऐसी राजनीतिक पार्टी है जिसने हमेशा यह सिद्धांत अपनाया है कि “राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति हित अंतिम होना चाहिए।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *