अहिल्याबाई होल्कर चौराहे का स्थान बदले जाने पर भड़का पाल समाज

उरई/जालौन, 17 मई 2026। प्रस्तावित अहिल्याबाई होल्कर चौराहा का स्थान बदले जाने की खबर सामने आने के बाद पाल समाज के लोगों में भारी नाराजगी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने रविवार को मवई चौराहे पर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने गौरी शंकर वर्मा के खिलाफ भी नारे लगाए। प्रदर्शन के चलते मवई चौराहे पर लंबा जाम लग गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, विधायक के खिलाफ लगाए नारे

पाल समाज के लोगों का कहना था कि करीब एक वर्ष पहले भाजपा विधायक द्वारा मवई चौराहे पर अहिल्याबाई होल्कर चौराहे के निर्माण का आश्वासन दिया गया था। समाज के लोगों को उम्मीद थी कि तय स्थान पर जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा, लेकिन अब बिना पूर्व सूचना के स्थान परिवर्तन की जानकारी मिलने से लोगों में आक्रोश है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन समाज की भावनाओं की अनदेखी कर रहा है। उनका कहना था कि अहिल्याबाई होल्कर समाज की प्रेरणास्रोत हैं और उनके नाम पर बनने वाला चौराहा उसी स्थान पर बनाया जाना चाहिए, जहां पहले घोषणा की गई थी।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक बातचीत चली। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि पुरानी जगह पर ही चौराहा निर्माण का फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन स्थिति को शांत कराने और जाम खुलवाने में जुटा रहा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *