लखनऊ, 15 मई 2026। सुरेश चंद्र त्रिपाठी मेमोरियल लखनऊ जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता-2026 में अंडर-11 बालक एकल वर्ग में अयांश जोशी और आरव सिंह ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अंतिम-16 में जगह बनाई। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेेले गए।
लखनऊ बैडमिंटन संघ से मान्यता प्राप्त तथा स्वराज कल्याण सेवा संस्थान द्वारा मिनी स्टेडियम, विनय खंड, गोमती नगर में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेश सरकार में ऊर्जा विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर ज़ेनस सोलर के निदेशक संदीप द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन सचिव संजय त्रिपाठी ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि आयोजन अध्यक्ष विपुल वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
अंडर-11 बालक एकल वर्ग के अंतिम-32 मुकाबलों में शटल एस के अयांश जोशी ने युग अंकित गुप्ता को बेहद संघर्षपूर्ण मुकाबले में 22-20 से पराजित किया। वहीं शटल एस के ही आरव सिंह ने श्रीराम ग्लोबल के आरव राज को 24-22 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया।
अंडर-15 बालक एकल वर्ग के अंतिम-64 मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। डिवाइन के कार्तिकेय सिंह ने शटल एस के अनिमेष राज को 27-25 से हराया। गौरव खन्ना एक्सीलिया बैडमिंटन अकादमी के एकाश कनौजिया ने बीबीडी बैडमिंटन अकादमी के प्रशांत राजपूत को 21-15 से शिकस्त दी। वहीं मेहर ने अन्वय मौर्य को 21-16 से तथा चौक स्टेडियम के सुमित यादव ने शटल एस के समृद्ध पांडेय को 21-16 से पराजित किया।
अंडर-13 बालक एकल वर्ग के अंतिम-64 मुकाबलों में अर्णव सिंह ने दक्ष सक्सेना को 21-9 से हराया। वहीं केडी सिंह बाबू स्टेडियम के निश्चल राजेंद्र ने अपने ही स्टेडियम के एच. दीपक सदाना को 21-16 से मात दी।
अंडर-17 बालक एकल वर्ग के अंतिम-64 मुकाबलों में इंफिनाइट के त्रियाकाश ने जयपुरिया के प्रत्यूष उपाध्याय को 30-18 से हराया। वहीं चौक स्टेडियम के आशीष कुमार ने आदित्य जायसवाल को 30-23 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
