देशहित का हर फैसला भारतीयों के समर्थन का हकदार : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ,15 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देशहित में लिया गया हर फैसला भारतीयों के समर्थन का हकदार है। प्रधानमंत्री देशहित में जो भी निर्णय लें, उसके साथ खड़ा होना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को महराजगंज जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के मधुबन नगर में 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय पूरा विश्व वैश्विक संकट के दौर से गुजर रहा है। दुनिया के कई बड़े देशों में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं, लेकिन भारत ने अब तक कीमतों को नियंत्रित रखने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को नकारात्मक राजनीति और भ्रम फैलाने वाले प्रचार से बचना होगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और ऐसे समय में देश के प्रत्येक नागरिक को मजबूती के साथ राष्ट्र के साथ खड़ा रहना चाहिए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का संबंध तथा साझा सांस्कृतिक विरासत है। महराजगंज बौद्ध परिपथ का हिस्सा होने के कारण अंतरराष्ट्रीय दृष्टि से भी महत्वपूर्ण क्षेत्र है, इसलिए यहां सुरक्षा और विकास दोनों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

इस बीच देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई है। लखनऊ में पेट्रोल की कीमत 94 रुपये 73 पैसे प्रति लीटर से बढ़कर 97 रुपये 55 पैसे प्रति लीटर हो गई है, यानी 2 रुपये 82 पैसे की वृद्धि हुई है। वहीं डीजल 87 रुपये 81 पैसे प्रति लीटर से बढ़कर 90 रुपये 82 पैसे प्रति लीटर पहुंच गया है, जिसमें 3 रुपये 1 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *