नयी दिल्ली, 14 मई 2026। भारत निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी। यह अभियान 30 मई से चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी बयान के अनुसार इस चरण में दिल्ली, ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, नागालैंड, त्रिपुरा तथा दादर और नगर हवेली तथा दमन और दीव में एसआईआर की प्रक्रिया चलाई जाएगी।
आयोग ने बताया कि हिमपात प्रभावित क्षेत्रों हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के अनुसार तीसरे चरण के दौरान 3.94 लाख से अधिक बूथ स्तरीय अधिकारी घर-घर जाकर लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन और जानकारी एकत्र करेंगे।
आयोग ने बताया कि बिहार, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा लक्षद्वीप में यह प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है।
