प्रतीक यादव के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

लखनऊ, 13 मई 2026। मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न दलों के नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। 38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया।

अखिलेश यादव ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “श्री प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।” इसके साथ उन्होंने प्रतीिक यादव की एक तस्वीर भी साझा की।

सपा के वरिष्ठ नेता और प्रतीक यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने भी उनके निधन को बेहद दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

योगी आदित्यनाथ ने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित मुलायम सिंह यादव के पुत्र तथा अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की सद्गति और परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

पंकज चौधरी ने भी शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति एकजुटता दिखाई। वहीं अजय राय ने प्रतीक यादव के आकस्मिक निधन पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि आजकल कम उम्र में दिल का दौरा पड़ने जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

भाई के निधन पर भावुक हुए अखिलेश यादव

किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे अखिलेश यादव मीडिया से बातचीत के दौरान बेहद भावुक दिखाई दिए। उन्होंने कहा, “प्रतीक आज हमारे बीच नहीं है, यह परिवार के लिए बहुत बड़ा दुख है। वह नौजवान था, अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहता था और जीवन में आगे बढ़ना चाहता था। वह मेहनत से कुछ करना चाहता था।”

उन्होंने बताया कि प्रतीक से उनकी आखिरी मुलाकात करीब दो महीने पहले हुई थी। उस समय भी उन्होंने प्रतीक को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की सलाह दी थी।

अखिलेश यादव ने कहा कि कई बार आर्थिक और कारोबारी नुकसान इंसान को अंदर से तोड़ देते हैं। अंतिम संस्कार और आगे की प्रक्रिया को लेकर उन्होंने कहा कि परिवार जो निर्णय लेगा, वही किया जाएगा।

गौरतलब है कि प्रतीक यादव को बुधवार सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़े थे तथा अपर्णा यादव के पति थे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *