लखनऊ, 27 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। सतीश महाना ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका समान रूप से महत्वपूर्ण होती है और विधानसभा अध्यक्ष दोनों के प्रति समान रूप से उत्तरदायी होता है।
यह बात उन्होंने भारत दौरे पर आए नेपाल के 20 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कही। प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश विधान सभा में अध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट की।
महाना ने भारत और नेपाल के बीच प्राचीनकाल से चले आ रहे घनिष्ठ और आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आधार पर निरंतर मजबूत होते रहे हैं।
मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी विषय को प्रस्तुत करने से पहले उसकी पूर्ण और सत्य जानकारी का परीक्षण जरूरी है। उन्होंने टीआरपी की प्रतिस्पर्धा में नकारात्मक खबरों को प्राथमिकता देने की प्रवृत्ति पर चिंता जताई और कहा कि मीडिया को समाज में संतुलित और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करना चाहिए।
उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि संसद और विधानसभा की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
महाना ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान सभा को पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल स्वरूप में विकसित किया गया है, जहां पारदर्शिता और दक्षता के साथ कार्य किए जा रहे हैं। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विधानभवन का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया।
अध्यक्ष ने प्रतिनिधिमंडल को विधि निर्माण प्रक्रिया, विधानमंडल की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों की विस्तार से जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न भी किए, जिनका महाना ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव विधानसभा प्रदीप दुबे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
