लखनऊ से हज यात्रियों की सातवीं फ्लाइट रवाना, 417 पहुंचे मदीना

लखनऊ, 27 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ स्थित मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को हज यात्रियों की सातवीं फ्लाइट रवाना हुई, जिसमें कुल 417 यात्री मदीना पहुंच गए।

जानकारी के मुताबिक, इस फ्लाइट में 224 पुरुष और 193 महिलाएं शामिल थीं। हज यात्रा के लिए पहली उड़ान 22 अप्रैल को रवाना हुई थी और यह प्रक्रिया 2 मई तक जारी रहेगी। पहले जत्थे को राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी और मुस्लिम धर्मगुरुओं ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

उत्तर प्रदेश हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि अब तक लखनऊ, कानपुर, बहराइच, मुरादाबाद, गाजियाबाद, हापुड़ और सीतापुर सहित कई जिलों के यात्री हज यात्रा पर रवाना हो चुके हैं।

हज यात्रियों की सुविधा के लिए सरोजिनी नगर स्थित हज हाउस में ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां ठंडे पानी, एयर कंडीशनिंग, भोजन और कैंटीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रियों की सहायता के लिए हर फ्लाइट में हज इंस्पेक्टर भी भेजे जा रहे हैं।

इसके अलावा हज हाउस परिसर में मोबाइल टॉयलेट, ट्रैफिक प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों के साथ आने वाले परिजनों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन की ओर से भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जिससे हज यात्रियों की यात्रा सुगम और सुरक्षित बनाई जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *