मुंबई। विपुल अमृतलाल शाह की बहुप्रतीक्षित फिल्म गवर्नर द साइलेंट सेवियर को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही चर्चा में बनी इस प्रोजेक्ट से अब मनोज बाजपेयी का दमदार कैरेक्टर पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जिसने कहानी को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
इससे पहले मनोज बाजपेयी के जन्मदिन पर फिल्म का टाइटल पोस्टर जारी किया गया था, वहीं अब सामने आए नए पोस्टर्स में फिल्म की स्टार कास्ट का भी खुलासा हो गया है। फिल्म में मनोज बाजपेयी के साथ अदा शर्मा अहम भूमिका में नजर आएंगी।
जारी पोस्टर्स में राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी के किरदार के कई अलग-अलग शेड्स देखने को मिलते हैं, जो एक इंटेंस और गंभीर कहानी की ओर इशारा करते हैं। पोस्टर्स पर लिखी टैगलाइन्स—“अब बारी मेरी है”, “I Will Not Let India Fail” और “India Is On The Verge Of Bankruptcy, He Saw It Coming”—देश के आर्थिक संकट के दौर और उससे जूझते एक मजबूत किरदार की झलक देती हैं।
फिल्म की कहानी को एक संवाद के जरिए और मजबूती से पेश किया गया है—“यह एक युद्ध था। इसमें कोई सेना नहीं थी। बस एक आदमी… जिसने देश को गिरने से बचाने की ठान ली थी।” यह लाइन फिल्म के केंद्रीय किरदार और उसके मिशन को स्पष्ट करती है।
गवर्नर द साइलेंट सेवियर का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह प्रोडक्शन के तहत किया गया है, जिसे सनशाइन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि को-प्रोड्यूसर आशिन ए. शाह हैं। फिल्म की कहानी और पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और खुद विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है।
फिल्म के गानों को जावेद अख्तर ने लिखा है, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है।
गवर्नर द साइलेंट सेवियर 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।
