पीएम मोदी से मिले नीति आयोग के नए उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी, अहम मुद्दों पर चर्चा

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी से शनिवार को नीति आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अशोक लाहिड़ी ने मुलाकात की। इस दौरान देश की आर्थिक नीतियों और विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

अशोक लाहिड़ी को शुक्रवार को नीति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वहीं, वैज्ञानिक गोवर्धन दास को आयोग का सदस्य बनाया गया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं नीति आयोग के अध्यक्ष हैं।

अशोक लाहिड़ी वर्तमान में पश्चिम बंगाल से भाजपा विधायक हैं और इससे पहले भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार तथा 15वें वित्त आयोग के सदस्य के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। उनकी नियुक्ति को आर्थिक नीति निर्माण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नई जिम्मेदारी मिलने पर गोवर्धन दास ने प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का बेहद महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने अपने साधारण किसान परिवार से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचने की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि लाखों आम लोगों के सपनों और उम्मीदों का प्रतिनिधित्व है।

सरकार की ओर से इन नियुक्तियों को नीति निर्माण में विशेषज्ञता और विविध अनुभव को शामिल करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *