पहले चरण में भाजपा को 110 से ज्यादा सीटें मिलने का दावा, महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता: अमित शाह

कोलकाता, 24 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी 152 सीटों में से 110 से अधिक सीटें जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के फीडबैक से स्पष्ट है कि राज्य में बदलाव तय है और भाजपा सरकार बनने जा रही है।

कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कहा, “बंगाल की जनता ने पहले चरण में ही अपना फैसला सुना दिया है। दीदी जाने वाली हैं और भाजपा आने वाली है। भय का माहौल खत्म होगा और भरोसा स्थापित होगा।”

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की जो यात्रा देशभर में चल रही है, उसमें अब पश्चिम बंगाल भी शामिल होगा।

अमित शाह ने चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग, केंद्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद पश्चिम बंगाल में चुनाव बिना किसी मौत के संपन्न हुए हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

हिंसामुक्त चुनाव को लेकर उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2016, 2021, 2023 और 2024 के चुनावों में जहां सैकड़ों लोग घायल हुए थे, वहीं इस बार 30 से भी कम लोग घायल हुए हैं। यह दर्शाता है कि चुनाव प्रक्रिया अधिक शांतिपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड मतदान प्रतिशत भी बदलाव का संकेत है और जनता विकास तथा सुशासन के पक्ष में मतदान कर रही है।

इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अमित शाह ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने लोकतंत्र के इस महापर्व में ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज की है। उन्होंने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस की भूमिका की सराहना करते हुए इसे राज्य में “अच्छे शासन के नए युग की शुरुआत” बताया।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, पहले चरण के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच मुकाबला और अधिक तेज होने के संकेत मिल रहे हैं, वहीं आगामी चरणों में चुनावी रणनीतियां और भी आक्रामक हो सकती हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *