लखनऊ, 22 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। लखनऊ में बुधवार को सियासी तनाव उस समय बढ़ गया, जब सपा नेता गौरव चौधरी अपने समर्थकों के साथ मेयर आवास पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि उन्होंने मेयर सुषमा खर्कवाल के नेम प्लेट को चप्पलों से पीटा और उस पर कालिख पोत दी।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों ने आवास के बाहर लगे सुरक्षा बैरियरों को भी हिलाया-डुलाया और ‘सुषमा खर्कवाल मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया गया, जिसमें गौरव चौधरी का नाम और विधानसभा 43 सिवालखास, मेरठ का उल्लेख दिखाई दे रहा है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मेयर सुषमा खर्कवाल ने सपा पर निशाना साधा और कहा कि यह उनके चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता महिलाओं का सम्मान नहीं करते। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसा।
दरअसल, यह विवाद मंगलवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर निकाली गई जनाक्रोश रैली के बाद शुरू हुआ। रैली में मेयर सुषमा खर्कवाल ने राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लेते हुए बयान दिया था, जिस पर राजनीतिक माहौल गरमा गया।
मेयर ने रैली में कहा था कि महिलाओं का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है, लेकिन विपक्ष ने महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में मां और बहन के सम्मान को सर्वोपरि माना जाता है और इस पर किसी प्रकार की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।
वहीं, इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर मेयर को संबोधित करते हुए लिखा कि व्यक्तिगत और पारिवारिक संदर्भों का उपयोग कर किसी महिला का अपमान करना अनुचित है। उन्होंने मेयर से अपने बयान पर पुनर्विचार करने की बात कही।
फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजधानी में सियासी माहौल गर्म बना हुआ है और दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
