मुंबई इंडियंस की शानदार जीत, गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया

अहमदाबाद। मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रनों के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में दमदार वापसी की। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के इस मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही विभागों में मुंबई का दबदबा देखने को मिला।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाए। टीम की ओर से तिलक वर्मा ने विस्फोटक अंदाज में खेलते हुए महज 45 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोक दिए। अपनी पारी में उन्होंने 7 छक्के और 8 चौके लगाए और 224.44 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक रहा और इसी के साथ वे मुंबई के लिए सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने संजू सैमसन के इस सीजन के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम पूरी तरह लड़खड़ा गई और 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। गुजरात की ओर से वाशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज खास प्रदर्शन नहीं कर सके।

मुंबई की ओर से गेंदबाजी में अश्विनी कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। उनके अलावा मिचेल सैंटनर और अल्लाह गजनफर को 2-2 विकेट मिले, जबकि हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ने 1-1 विकेट हासिल किया।

लगातार चार हार के बाद मुंबई की यह पहली जीत है। इस जीत के साथ टीम के 4 अंक हो गए हैं और अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं गुजरात टाइटंस 6 अंकों के साथ छठे स्थान पर बनी हुई है।

मुंबई की इस बड़ी जीत से उनका नेट रन रेट भी बेहतर हुआ है, जो आगे के मुकाबलों में टीम के लिए अहम साबित हो सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *