सीएम युवा योजना: क्रेडिट काउंसलर्स की ट्रेनिंग शुरू, 90 काउंसलर जिलों में होंगे तैनात

लखनऊ, 16 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश सरकार ने सीएम युवा योजना को और प्रभावी बनाने के लिए इस वर्ष 1.5 लाख युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। इसी दिशा में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और बैंकिंग प्रक्रिया में सक्षम बनाने के लिए गोमतीनगर में सर्टिफाइड क्रेडिट काउंसलर्स (सीसीसी) का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है।

प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले बैच में 50 जिलों और दूसरे बैच में 25 जिलों को शामिल किया गया है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कुल 90 सर्टिफाइड क्रेडिट काउंसलर प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात किए जाएंगे, जो युवाओं को ऋण प्रक्रिया में मार्गदर्शन देंगे।

यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने बताया कि ये काउंसलर एमएसएमई उद्यमियों और बैंकों के बीच एक अहम कड़ी के रूप में काम करेंगे। वे लाभार्थियों को बैंकिंग प्रक्रियाओं, दस्तावेज तैयार करने और प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने में मदद करेंगे, जिससे युवाओं को आसानी से ऋण मिल सके।

प्रशिक्षण के दौरान क्रेडिट रेटिंग, सिबिल स्कोर और नए प्रोजेक्ट्स के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि बेहतर वित्तीय योजना और मजबूत क्रेडिट प्रोफाइल से युवा उद्यमी न केवल आसानी से लोन हासिल कर सकते हैं, बल्कि अपने व्यवसाय को भी सफल बना सकते हैं।

यह कार्यक्रम स्मॉल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग एंड फाइनेंस के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। वहीं, यह कोर्स भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा अनुमोदित है।

प्रदेश सरकार की यह पहल न केवल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि एमएसएमई सेक्टर को भी नई ऊर्जा देने का काम करेगी। आने वाले समय में यह मॉडल रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत आधार प्रदान करेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *