लखनऊ के ताइक्वांडो खिलाड़ियों का जलवा, छह स्वर्ण सहित सात पदक जीतकर बढ़ाया मान

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने वर्ल्ड वाइड सुपर लीग इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप सीजन-2 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण और 1 रजत सहित कुल सात पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है।

यह प्रतियोगिता 11 और 12 अप्रैल 2026 को जयपुर स्थित राजस्थान पुलिस अकादमी के खेलो इंडिया मल्टीपरपज हॉल में आयोजित हुई, जिसमें कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

पूमसे स्पर्धा में स्वर्णिम प्रदर्शन

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व प्रशिक्षक अतुल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि सब-जूनियर व्यक्तिगत पूमसे स्पर्धा में दिव्य राजवंश और मयंक तिवारी ने स्वर्ण पदक जीते।
वहीं कैडेट पूमसे में आशुतोष मिश्रा और सीनियर महिला व्यक्तिगत पूमसे में आकांक्षा विश्वकर्मा ने भी स्वर्णिम सफलता हासिल की।

क्योरगी में भी लहराया परचम

क्योरगी (फाइटिंग) स्पर्धा में भी लखनऊ के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। सब-जूनियर बालक अंडर-20 किलोग्राम वर्ग में विनायक राजवंश और सब-जूनियर बालिका अंडर-30 किलोग्राम वर्ग में वैष्णवी कुशवाहा ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

रजत पदक भी आया खाते में

सीनियर महिला 46 किलोग्राम भार वर्ग में प्राची पाल ने कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक जीता और टीम के कुल पदकों की संख्या सात तक पहुंचाई।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा

इस चैंपियनशिप में नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, मलेशिया, श्रीलंका, सिंगापुर और थाईलैंड समेत विभिन्न देशों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

इन सभी खिलाड़ियों को अतुल यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिल रहा है। इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *