ठंडी हवाएं गायब, अब झुलसाने वाली गर्मी तोड़ेगी रिकॉर्ड

लखनऊ, 10 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। बीते दिनों की आंधी और बेमौसम बारिश का दौर अब थम चुका है और प्रदेश में तेज गर्मी की शुरुआत होने जा रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले एक सप्ताह में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अधिकतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। कई शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा।

लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक 11 और 12 अप्रैल तक पूरे प्रदेश, यानी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी। इसके साथ ही 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शुष्क हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने फिलहाल अगले तीन दिनों के लिए पूरे प्रदेश को ग्रीन जोन में रखा है, जिसका अर्थ है कि इस दौरान बारिश या वज्रपात की कोई संभावना नहीं है।

गोरखपुर से लेकर आगरा तक धूप के तेवर तीखे रहेंगे। वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ, आगरा, मथुरा, झांसी, बरेली, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, गाजीपुर समेत बुंदेलखंड के बांदा, महोबा और ललितपुर जैसे जिलों में गर्मी का प्रभाव ज्यादा देखने को मिलेगा। इन इलाकों में आज से ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *