सरोजिनी नगर बनेगा हरित विकास का मॉडल: विधायक राजेश्वर सिंह का आह्वान


जल संरक्षण, वृक्षारोपण और सोलर ऊर्जा पर विशेष फोकस, बंथरा को प्रदेश का पहला नेट ज़ीरो नगर पंचायत बनाने की पहल

बंथरा/लखनऊ। सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों को पर्यावरण अनुकूल एवं सतत विकास का मॉडल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है, तभी आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

जल संरक्षण पर विशेष जोर

विधायक ने क्षेत्र के सभी तालाबों की नियमित सफाई कराने, अतिक्रमण हटाने तथा उनकी जलधारण क्षमता बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे भूजल स्तर में सुधार लाया जा सकेगा और जल संकट की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले लगभग 20 वर्षों में लखनऊ का भूजल स्तर 20 मीटर से अधिक नीचे चला गया है, जो बेहद गंभीर स्थिति का संकेत है। ऐसे में जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।

वृक्षारोपण एवं सोलर ऊर्जा को बढ़ावा

डॉ. सिंह ने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने और हर गांव में अधिक से अधिक पौधे लगाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने आमजन को सरकारी योजनाओं के माध्यम से सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को अपनाने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता भी सुनिश्चित होगी और बिजली खर्च में भी कमी आएगी।

बंथरा बनेगा पहला नेट ज़ीरो नगर पंचायत

विधायक ने नगर पंचायत बंथरा के अध्यक्ष रणजीत रावत को निर्देश दिया कि बंथरा को उत्तर प्रदेश का पहला नेट ज़ीरो नगर पंचायत बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) और विधायक निधि से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के सहयोग से बंथरा पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का एक आदर्श मॉडल बन सकता है।

पर्यावरण संकट पर जताई गंभीर चिंता

डॉ. सिंह ने कहा कि भारत में हर वर्ष लगभग 21 लाख लोगों की मृत्यु प्रदूषण के कारण होती है, जो एक गंभीर चेतावनी है। उन्होंने बताया कि जलवायु परिवर्तन के प्रभाव के कारण गर्मियों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से अधिक तक पहुंच रहा है और जल संसाधन तेजी से घट रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

सामूहिक संकल्प का आह्वान

अपने संबोधन के अंत में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा,
“विकास तभी सार्थक है जब वह पर्यावरण के साथ संतुलित हो—यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।”

कार्यक्रम के दौरान रामावती रावत, नगर पंचायत बंथरा चेयरमैन रणजीत रावत, वीरेंद्र रावत, शिव कुमार तिवारी, राजेश सिंह चौहान, शिव शंकर सिंह शंकारी, रज्जन लाल रावत, राज किशोर पासी, राजेंद्र सिंह राजू, सरवन रावत, भगवती प्रसाद, राम गोपाल रावत, पीनू रावत, सुनील पटेल, राम खेलावन रावत, विशम्भर रावत, आशीष गौतम, प्रदीप रावत, राहुल रावत, हिमांशु रावत, बच्चू लाल पासी, सुभाष पासी, आकाश रावत, राजू रावत, संदीप रावत, अमित रावत, महेंद्र रावत, दीपु गौतम, राज कुमार गौतम, नीरज रावत, वीरू चौसासिया, समर सेन गौतम, अर्जुन रावत, सीमा रावत, हंसराज रावत, डॉ. राजू रावत, सुशील रावत, प्रताप शंकर रावत, गुड्डू गौतम, ललित रावत, सुभाष रावत, सुनील रावत, बच्चा बाजपेई, अतुल बाजपेई, नीरज तिवारी, पिंटू शुक्ला, अतुल शुक्ला, पवन मिश्रा, पिंटू तिवारी, संदीप मिश्रा, अवधेश तिवारी, डॉ. रीना उपाध्याय, आराधना पांडेय, मुरलीधर दीक्षित, बच्चा सिंह, सुनील सिंह, सुरेश सिंह, नरेंद्र सिंह, शिव कुमार सिंह, पप्पन सिंह, रितेश सिंह, अंकुर सिंह, पवन सिंह, के. एन. सिंह, रमेश गुप्ता, शेरा गुप्ता, सरला सिंह, सतगुरु रावत, बबिता सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *