केवल राजग ही असम को घुसपैठ से मुक्त करा सकता है: योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बारपेटा/बरछला, 3 अप्रैल (UNS)। योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ही असम को घुसपैठियों से मुक्त करा सकता है और जनसांख्यिकीय बदलाव को रोक सकता है।

बारपेटा और बरछला में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें अपने वादों को पूरा करती हैं और इससे “विरासत-विकास” एक साथ सुनिश्चित होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपने लंबे शासनकाल के दौरान राज्य और उसके लोगों की रक्षा करने में विफल रही और घुसपैठ, हिंसा तथा दंगों को बढ़ावा दिया, जिससे स्थानीय संस्कृति और विरासत को खतरा पहुंचा।

मुख्यमंत्री ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह घुसपैठियों को प्रोत्साहित कर रही है और उनका समर्थन हासिल कर सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और एआईयूडीएफ मिलकर राज्य की संस्कृति और विरासत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार राज्य में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी और प्रत्येक घुसपैठिये की पहचान कर उसे बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजग “लव और लैंड जिहाद” तथा जनसांख्यिकी में किसी भी प्रकार का बदलाव सहन नहीं करेगा।

अपने राज्य का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में कोई दंगा या कर्फ्यू नहीं लगा और राम मंदिर का निर्माण भाजपा द्वारा अपने वादों को पूरा करने का उदाहरण है। उन्होंने यह भी कहा कि असम में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, महिला सशक्तीकरण और रोजगार के क्षेत्र में पिछले 10 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना चार मई को की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *