दर्द से उबरकर सार्थक बने चैंपियन, अथर्व-अनूप युगल विजेता

लखनऊ, 3 अप्रैल 2026। डॉ. केएसएम यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने चोट के बावजूद शानदार जुझारूपन दिखाते हुए एकल वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि युगल वर्ग में अथर्व शर्मा और अनूप महादेव बजरंगी की जोड़ी विजेता रही। 🎾

इरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रायोजित इस टूर्नामेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी ने लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी जावीद अहमद (रिटायर्ड आईपीएस) ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में पुनीत अग्रवाल (सचिव, उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन), ख्वाजा फैजी यूनुस (निदेशक, इरम एजुकेशनल सोसायटी) और अब्दुल्लाह मसूद (निदेशक, शालीमार ग्रुप) मौजूद रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता एसडीएस के संस्थापक सदस्य पवन सागर ने की।

एकल फाइनल में सार्थक सूदन ने हरियाणा के सुनील कुमार को सीधे सेटों में 6-4, 7-5 से हराया। मुकाबले के दूसरे सेट में सार्थक के दाएं टखने में मोच आ गई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और शानदार वापसी करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

युगल वर्ग का फाइनल भी बेहद रोमांचक रहा, जहां अथर्व शर्मा और अनूप महादेव बजरंगी की जोड़ी ने सुनील कुमार और एकलव्य सिंह को 6-7(4), 7-6(4), 10-4 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *