नवाजुद्दीन सिद्दीकी की ‘मैं एक्टर नहीं हूं’ 8 मई को रिलीज, इंटरनेशनल फेस्टिवल्स में मिली सराहना

मुंबई। दमदार अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक बार फिर अपनी नई फिल्म ‘मैं एक्टर नहीं हूं’ के जरिए दर्शकों के सामने आने वाले हैं। यह फिल्म 8 मई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से पहले ही फिल्म अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना बटोर चुकी है।

इस फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने ‘अदनान’ नाम के एक रिटायर्ड व्यक्ति का किरदार निभाया है। अपने रोल के बारे में उन्होंने बताया कि यह उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग है। उन्होंने कहा, “अदनान का किरदार निभाते हुए मैंने उस उम्र और मनःस्थिति को महसूस किया, जिसका अनुभव मुझे पहले नहीं था।”

फिल्म की शूटिंग प्रक्रिया भी उनके लिए खास रही। नवाजुद्दीन ने बताया कि इस फिल्म को एक अनोखे फॉर्मेट में शूट किया गया, जहां 3×3 की छोटी मोबाइल स्क्रीन पर इमोशन्स को परफॉर्म करना एक नई चुनौती थी। “मैंने पहले कभी ऐसा अनुभव नहीं किया,” उन्होंने कहा।

किरदार से मिली सीख पर उन्होंने कहा कि एक अभिनेता होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह एक ही जीवन में कई जिंदगियां जी सकता है। “इस फिल्म के जरिए मुझे समझ आया कि रिटायरमेंट के बाद व्यक्ति किन भावनाओं—जैसे चिंता और अवसाद—से गुजरता है,” उन्होंने जोड़ा।

भारत में रिलीज से पहले ही ‘मैं एक्टर नहीं हूं’ ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल्स में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, जिससे फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *