नालंदा में शीतला अष्टमी मेले में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

नालंदा/बिहारशरीफ (UNS): नालंदा जिले से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जहां मघड़ा देवी मंदिर में भगदड़ मचने से आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना बिहारशरीफ के मघड़ा इलाके में स्थित माता शीतला अष्टमी मेले के दौरान हुई। जानकारी के अनुसार, चैत माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ पड़े थे। इसी बीच अचानक किसी अफवाह के चलते अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े और भागदौड़ में लोग एक-दूसरे पर चढ़ते चले गए। कुछ देर बाद जब स्थिति नियंत्रण में आई, तब तक कई श्रद्धालु दम तोड़ चुके थे। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना के बाद मंदिर परिसर में चीख-पुकार मच गई। परिजन अपने अपनों को तलाशते नजर आए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों को मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि उसी दिन द्रौपदी मुर्मू का नालंदा दौरा प्रस्तावित था, जिसके चलते प्रशासनिक अमला पहले से ही अन्य व्यवस्थाओं में व्यस्त था। इसी बीच यह हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और भगदड़ के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम और दहशत का माहौल है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *