जागरण में विवाद, दो युवकों पर धारदार हथियार से हमला, केस दर्ज

लखनऊ, 28 मार्च 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात जागरण के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने दो लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बंथरा गांव निवासी विक्की सिंह चौहान उर्फ सुरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वह अपने मित्र विशेष सैनी के साथ 27 मार्च की रात गांव से कुछ दूर आनंदी माता मंदिर में आयोजित जागरण देखने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद तरुण दूबे, संदीप लोधी और यश मिश्रा से दो दिन पहले हुए विवाद को लेकर कहासुनी हो गई।

आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में विक्की सिंह चौहान और उनके मित्र विशेष सैनी घायल हो गए। पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों ने घटना के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

विक्की सिंह चौहान की तहरीर पर बंथरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *