ऋषि यादव व सुनील कुमार उलटफेर भरी जीत के साथ प्री क्वार्टर फाइनल में, अंशुमान, वंश व चिन्मय भी अगले दौर में

स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

लखनऊ, 23 मार्च 2026। क्वालीफायर से मुख्य ड्रॉ में पहुंचे उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव और हरियाणा के सुनील कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उलटफेर भरी जीत के साथ स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया। वहीं उत्तर प्रदेश के अंशुमान सिंह, वंश यादव और चिन्मय देव चौहान ने भी जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एक लाख रुपये की प्राइजमनी वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।

मुख्य ड्रॉ के पहले दौर में लकी लूजर यूपी के ऋषि यादव 6-3, 2-0 से आगे चल रहे थे, तभी पांचवीं वरीय महाराष्ट्र के तनिष्क जाधव ने मैच छोड़ दिया, जिससे ऋषि को जीत मिल गई। वहीं क्वालीफायर हरियाणा के सुनील कुमार ने सातवीं वरीय प्रशांत को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

क्वालीफायर यूपी के वंश यादव ने दिल्ली के सौरव कुमार यादव को रोमांचक मुकाबले में डबल टाईब्रेक में 7-6(2), 7-6(3) से हराया। इसी तरह क्वालीफायर से मुख्य ड्रॉ में पहुंचे यूपी के चिन्मय देव चौहान ने उत्तराखंड के अर्णव को 6-1, 6-1 से पराजित किया। छठीं वरीय यूपी के अंशुमान सिंह ने बिहार के वैभव सिंह को 6-1, 6-3 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

अन्य मुकाबलों में हरियाणा के हर्ष मलिक ने पश्चिम बंगाल के आदित्य को 6-4, 6-4 से, दूसरी वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने जसराज को 6-4, 6-2 से, तीसरी वरीय पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी ने हरियाणा के आर्यन को 6-4, 6-3 से हराया। वहीं राजस्थान के अमित ने हरियाणा के प्रिंगल को 6-1, 6-1 से, केरल के कौशिक ने चौथी वरीय दिल्ली के रिकी चौधरी को 7-5, 6-2 से और दूसरी वरीय मुकिल रामानन ने यूपी के अनुरुद्ध कुमार को 6-1, 6-1 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

टूर्नामेंट के साथ ही स्वरुप अग्रवाल टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि अजय दीक्षित (आईआरएस, सदस्य, जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण, लखनऊ) ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट और टैलेंट हंट टेनिस टूर्नामेंट दो अलग-अलग प्रतियोगिताएं हैं, जिनकी प्राइजमनी क्रमशः एक लाख रुपये और डेढ़ लाख रुपये निर्धारित की गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *