भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि गिरोह है : अखिलेश यादव

लखनऊ, 18 मार्च (RNN) : अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अब एक राजनीतिक दल नहीं रह गई है, बल्कि “अंधभक्तों की जमात” बनकर एक “गैंग” की तरह काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र रच रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित ‘डिजिटल डेमोक्रेसी डायलॉग’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में देश का लोकतंत्र खतरे में है और आम नागरिकों का जीवन भी संकटग्रस्त होता जा रहा है।

उन्होंने कहा, “आज की राजनीति में सकारात्मक दिशा पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के रास्ते ही तय हो सकती है। लोकतंत्र में संवाद बहुत जरूरी है और सामाजिक सद्भाव के बिना लोकतंत्र की कल्पना नहीं की जा सकती। बिना सकारात्मक सोच के कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता।”

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा के सामने जानबूझकर चुनौतियां खड़ी की जा रही हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी इन सभी चुनौतियों का मजबूती से सामना करने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा “झूठ और अफवाह” को अपनी ताकत मानती है, जबकि समाजवादी विचारधारा सत्य और सामाजिक एकता पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इसे एक बड़ी वैचारिक लड़ाई मानकर लड़ें।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लैपटॉप वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने और समाज में बराबरी लाने का प्रयास किया गया था। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से युवाओं के लिए विकास और प्रगति के नए अवसर खुले थे।

कार्यक्रम के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही, जहां डिजिटल युग में लोकतंत्र की भूमिका और चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *