कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई भाजपा में शामिल, हिमंत विश्व शर्मा बोले- और नेता भी बदलेंगे पाला

नयी दिल्ली/गुवाहाटी, 18 मार्च : असम की राजनीति में अहम घटनाक्रम के तहत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई बुधवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने एक दिन पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था।

राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और पार्टी के अन्य नेताओं की मौजूदगी में बोरदोलोई ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने उन्हें पटका और टोपी पहनाकर पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल कराया।

करीब पांच दशक तक कांग्रेस से जुड़े रहे बोरदोलोई ने कहा कि पिछले दो वर्षों से उन्हें पार्टी के भीतर अपमान और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा था, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार के कार्यों और विकास की दिशा ने उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद बोरदोलोई को शामिल किया गया है और उनके आने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें टिकट देने की सिफारिश की जाएगी।

दो बार सांसद और चार बार विधायक रह चुके बोरदोलोई असम सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अपना इस्तीफा भेजा था। वह विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष भी थे।

कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें मनाने की कोशिश की थी। असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और पार्टी के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन वे अपना फैसला बदलने के लिए तैयार नहीं हुए।

इस बीच, मुख्यमंत्री शर्मा ने दावा किया कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और कई अन्य विपक्षी नेता भी भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा जैसे नेता भी उचित समय पर पाला बदल सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा उन कांग्रेस नेताओं को साथ लाना चाहती है जो पार्टी के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं और यह प्रक्रिया 2016 से जारी है। शर्मा ने दावा किया कि आने वाले दिनों में गुवाहाटी में और भी नेता भाजपा में शामिल होंगे।

बोरदोलोई ने कहा कि वह भाजपा में शामिल होकर भी असम की जनता के हित में काम करते रहेंगे और राज्य के विकास में योगदान देंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *