रुद्रपुर में एनसीईआरटी की 10 लाख नकली किताबें बरामद, 10 करोड़ का फर्जीवाड़ा उजागर

रुद्रपुर, 17 मार्च, RNN। उत्तराखंड के रुद्रपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एनसीईआरटी की करीब 10 लाख नकली किताबें बरामद कर करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। बरामद पुस्तकों की अनुमानित कीमत 9 से 10 करोड़ रुपये आंकी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 14 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कैंटर को रोका गया। चालक ने बताया कि वाहन में किताबें लदी हैं, जिन्हें मेरठ ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन के दस्तावेज संदिग्ध पाए गए और ई-वे बिल भी नहीं मिला।

सख्ती से पूछताछ करने पर चालक की निशानदेही पर पुलिस टीम कीरतपुर कोलड़ा स्थित एक गोदाम तक पहुंची, जहां से बड़ी मात्रा में किताबें बरामद हुईं। जांच में सामने आया कि इन किताबों की छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन एनसीईआरटी के मानकों के अनुरूप नहीं थे। असली वाटरमार्क की जगह फर्जी वाटरमार्क बनाकर “ACERT” लिखा गया था।

पुलिस के अनुसार, कैंटर और गोदाम से कुल 9,74,085 नकली किताबें जब्त की गई हैं। मामले की सूचना मिलने पर एनसीईआरटी की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच में किताबों को नकली पाया।

इस संबंध में गोदाम संचालक संदीप समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं और कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

उधर, राज्य के पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने कार्रवाई करने वाली टीम की सराहना करते हुए 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस इस फर्जीवाड़े से जुड़े पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *