कैलाश मानसरोवर यात्रियों को मुख्यमंत्री ने ₹1लाख की अनुदान राशि वितरित की

लखनऊ, 17 मार्च।  योगी आदित्यनाथ ने कैलाश मानसरोवर यात्रा-2025 के यात्रियों को ₹1 लाख की अनुदान राशि वितरित की। यह वितरण समारोह लोक भवन सभागार में आयोजित किया गया, जिसका आयोजन उत्तर प्रदेश धर्मार्थ कार्य विभाग और कैलाश मानसरोवर सेवा समिति द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत समिति पदाधिकारियों ने पगड़ी पहनाकर और माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील के दर्शन और परिक्रमा का सौभाग्य प्राप्त करना अत्यंत पुण्य का कार्य है।

वरिष्ठ कैलाश यात्री आनंदपाल सिंह निंबाड़िया ने कहा कि कैलाश केवल एक पर्वत नहीं, बल्कि हिमालयी सभ्यता और भारतीय आध्यात्मिक चेतना का अद्वितीय संगम है।

समिति के अध्यक्ष के. के. सिंह ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री और पर्यटन मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान में यात्रा व्यय काफी बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि लिपुलेख मार्ग से यात्रा पर लगभग ₹2.31 लाख और नाथुला मार्ग से करीब ₹3.35 लाख का खर्च आता है। ऐसे में उन्होंने अनुदान राशि को बढ़ाकर ₹1.5 लाख करने का अनुरोध किया।

समिति के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी के अनुसार, वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के कुल 555 श्रद्धालुओं ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी की, जिनमें 84 यात्रियों ने सरकारी माध्यम से और 471 ने निजी माध्यम से यात्रा की।

कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में कैलाश यात्री उपस्थित रहे। अंत में सचिव डॉ. आर. एस. भदौरिया ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *