सपा सरकार केवल परिवार और रिश्तेदारों के बारे में सोचती थी : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, 16 मार्च। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में जो सरकार थी, वह केवल अपने परिवार और रिश्तेदारों के बारे में सोचती थी, जबकि वर्तमान सरकार प्रदेश की पूरी जनता को अपना परिवार मानकर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के 90 हजार परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी-2) की पहली किस्त वितरित करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश सरकार गरीबों को घर देने की योजना का लाभ नहीं पहुंचा रही थी, जबकि केंद्र सरकार की ओर से इसकी घोषणा पहले ही की जा चुकी थी।

आदित्यनाथ ने कहा, “ऐसा नहीं था कि प्रधानमंत्री ने घोषणा नहीं की थी, लेकिन प्रदेश सरकार में इच्छा शक्ति का अभाव था। जब व्यक्ति स्वार्थ में डूब जाता है तो उसकी संवेदना समाप्त हो जाती है और वह केवल अपने तथा अपने परिवार के बारे में ही सोचता है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले की सरकार एक परिवार तक सीमित होकर काम कर रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश में “डबल इंजन” की सरकार बनी, तब 25 करोड़ की आबादी ही उसका परिवार बन गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पहली किस्त पाने वाले सभी 90 हजार परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि हर व्यक्ति का सपना अपना घर होना होता है और यह योजना उस सपने को पूरा करने में मदद कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत देशभर में अब तक 62 लाख से अधिक परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जा चुका है।

मुख्यमंत्री के अनुसार जिन 90 हजार परिवारों को पहली किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये दिए जा रहे हैं, उनमें सहारनपुर के 10,214, प्रतापगढ़ के 7,991, शाहजहांपुर के 4,325, फिरोजाबाद के 4,266, जालौन के 3,174, सीतापुर के 3,078 और गोरखपुर के 3,063 लाभार्थी परिवार शामिल हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *