प्रधानमंत्री मोदी कल कोलकाता में रैली को करेंगे संबोधित, 18,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत

कोलकाता, 13 मार्च ।नरेन्द्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे और लगभग 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित यह रैली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के राज्यव्यापी परिवर्तन यात्रा अभियान के समापन का प्रतीक मानी जा रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में बड़ी सफलता मिलने और 2021 के विधानसभा चुनाव में जीत से दूर रहने के बाद भाजपा की परिवर्तन यात्रा को हाल के वर्षों में उसका सबसे व्यापक राज्यव्यापी अभियान माना जा रहा है।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत संशोधित मतदाता सूची के प्रकाशन के एक दिन बाद एक मार्च से शुरू हुई इस यात्रा ने राज्य भर में लगभग 10,000 किलोमीटर की दूरी तय की है। पार्टी नेताओं के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और जनसंपर्क को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है।

28 फरवरी को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पुनरीक्षण प्रक्रिया शुरू होने के बाद से लगभग 8.3 प्रतिशत यानी 63.66 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। इसके बाद राज्य में मतदाताओं की संख्या लगभग 7.66 करोड़ से घटकर करीब 7.04 करोड़ रह गई है। इसके अलावा 60.06 लाख से अधिक मतदाताओं को “न्यायिक जांच के अधीन” श्रेणी में रखा गया है, जिनकी पात्रता का निर्धारण आगामी हफ्तों में कानूनी जांच के बाद किया जाएगा।

प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब खबरें हैं कि भारत निर्वाचन आयोग अगले सप्ताह विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर सकता है।

अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री सड़क, रेलवे, बंदरगाह और जहाजरानी से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए वह लगभग 16,990 करोड़ रुपये की लागत वाली 420 किलोमीटर से अधिक लंबाई की कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इन परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 के पश्चिम बंगाल और झारखंड में पड़ने वाले हिस्से तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 114 के खंड शामिल हैं, जिनसे सड़क सुरक्षा बढ़ाने, यात्रा समय घटाने और क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाने की उम्मीद है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री खड़गपुर-मोरग्राम आर्थिक गलियारा के 231 किलोमीटर लंबे चार लेन खंड सहित कई नई राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

रेलवे क्षेत्र में वह अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य में पुनर्विकसित छह रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे, जिनका उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली यह रैली वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले हुई सभा के बाद यहां प्रधानमंत्री की पहली सार्वजनिक रैली होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *