नयी दिल्ली, 13 मार्च (RNN)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 228 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में उद्योगपति अनिल अंबानी के बेटे जय अनमोल अंबानी से शुक्रवार को पूछताछ की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, एजेंसी ने उन्हें शनिवार को भी आगे की पूछताछ के लिए बुलाया है। यह पूछताछ कथित बैंक धोखाधड़ी मामले से जुड़ी है, जिसमें रिलायंस हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और पूर्व पूर्णकालिक निदेशक रवींद्र सुधाकर समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में कंपनी से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
सीबीआई ने 9 दिसंबर 2025 को जय अनमोल अंबानी और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद एजेंसी ने उनके आवास पर तलाशी भी ली थी।
यह कार्रवाई यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (तत्कालीन आंध्रा बैंक) की शिकायत के आधार पर की गई। बैंक ने आरोप लगाया था कि कंपनी ने उससे लिए गए ऋण का भुगतान नहीं किया, जिसके कारण वर्ष 2019 में यह खाता गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) में बदल गया।
