लखनऊ, 11 मार्च। डॉ. राजेश्वर सिंह के जन्मदिन और सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को “आभार दिवस” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आशियाना स्थित उनके आवास सेक्टर-के 950 में हुआ, जिसमें 10 हजार से अधिक लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। करीब पांच घंटे तक लोगों के पहुंचने और शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी रहा। इस अवसर पर प्रसाद वितरण भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास से जुड़ी कई नई पहलों की घोषणा की। इस अवसर पर उन्होंने तीन नए रण बहादुर सिंह (आरबीएस) डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ एम्पावरमेंट सेंटर का लोकार्पण किया। इससे पहले उनके प्रयासों से क्षेत्र में 14 सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल स्किल्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रशिक्षण और रोजगार उन्मुख कोर्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में उन्होंने 10 नए ‘तारा शक्ति सिलाई केंद्र’ स्थापित करने की घोषणा भी की। अब तक क्षेत्र में 162 सिलाई केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं और इनके माध्यम से 1700 से अधिक सिलाई मशीनें वितरित की जा चुकी हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए विधायक के प्रयासों से अब तक 43 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा और डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह के तहत 25 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटॉप और 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। विधायक की पहल पर अब तक सरोजनीनगर क्षेत्र में 1700 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा चुका है।
सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “सेफ सरोजनीनगर अभियान” का भी शुभारंभ किया गया, जिसके अंतर्गत युवाओं और कार्यकर्ताओं को 1000 हेलमेट वितरित किए गए। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
पर्यावरण संरक्षण के तहत विधायक ने कदंब के पौध का वृक्षारोपण कर एक अभियान की शुरुआत की, जिसके अंतर्गत 100 पौधे लगाए गए। यह पहल ‘नेट जीरो सरोजनीनगर’ के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

युवा गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 10 नए यूथ क्लब स्थापित करने और उन्हें स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। इससे पहले क्षेत्र में 282 स्पोर्ट्स क्लब स्थापित किए जा चुके हैं।
इसके साथ ही क्षेत्र के पांच मंदिरों में पांच हैंडपंप स्थापित कराने की घोषणा भी की गई। विधायक के प्रयासों से अब तक सीएसआर और विधायक निधि के माध्यम से सरोजनीनगर क्षेत्र में 360 हैंडपंप लगाए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 200 से अधिक मंदिरों में सोलर लाइट, बैठने की बेंच, हैंडपंप और रंगाई-पुताई के माध्यम से जीर्णोद्धार का कार्य भी कराया गया है।
इस अवसर पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कानपुर रोड स्थित गौरी में “सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान” द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में राशन वितरित कर अन्नदान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और नागरिकों से संवाद करते हुए आने वाले वर्षों में क्षेत्र के विकास के रोडमैप पर चर्चा की।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों की यात्रा केवल उपलब्धियों की नहीं बल्कि जनता के विश्वास, सहयोग और सहभागिता की कहानी है। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प सरोजनीनगर को उत्तर प्रदेश का एक आदर्श और विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाना है, जहां शिक्षा मजबूत हो, युवा सक्षम हों, समाज सुरक्षित हो और पर्यावरण संरक्षित रहे।
