जिलाधिकारी के निर्देश पर गैस एजेंसियों की छापेमारी, स्टॉक व वितरण व्यवस्था की जांच

शाहजहांपुर, 11 मार्च। शाहजहांपुर में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर बुधवार को गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया गया। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के बिक्री प्रबंधक की संयुक्त टीम ने शहर की कई गैस एजेंसियों पर पहुंचकर गैस सिलेंडरों के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच की।

निरीक्षण के दौरान पशुपतिनाथ भारत पेट्रोलियम गैस एजेंसी (लोदीपुर), सतकर्तार इंडेन गैस एजेंसी (टाउनहाल) और रोहित इंडेन गैस एजेंसी में सिलेंडरों के स्टॉक, रिकॉर्ड तथा उपभोक्ताओं को की जा रही आपूर्ति की पड़ताल की गई। जांच के दौरान किसी भी एजेंसी पर गैस सिलेंडर के स्टॉक में अनियमितता नहीं पाई गई।

अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं को बताया कि जनपद में घरेलू रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। सभी एजेंसियों को निर्धारित नियमों के अनुसार ही गैस वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार पहले एक वित्तीय वर्ष में 15 गैस सिलेंडर बुकिंग की अनुमति थी, लेकिन अब पिछली बुकिंग के 25 दिन बाद ही नई बुकिंग की अनुमति दी जा रही है। इसके बावजूद उपभोक्ता वर्ष भर में पहले की तरह निर्धारित संख्या में सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।

प्रशासन ने बताया कि गैस बुकिंग केवल उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर से ही की जा रही है और सिलेंडर की डिलीवरी डीओसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) के माध्यम से दी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और अनियमित बिक्री पर रोक लग सके।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कहीं अवैध भंडारण या नियमों के विरुद्ध गैस सिलेंडरों की बिक्री की शिकायत मिली तो संबंधित व्यक्ति या एजेंसी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *