शाहजहांपुर की रेल समस्याओं को लेकर सांसद अरुण सागर ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से की मुलाकात


वंदे भारत के ठहराव और अधूरे रेलवे ओवरब्रिज जल्द पूरे कराने की उठाई मांग

शाहजहांपुर, 11 मार्च। शाहजहांपुर के भाजपा सांसद अरुण सागर ने नई दिल्ली में भारतीय रेलवे के रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर जिले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण रेल समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सांसद ने शाहजहांपुर में वंदे भारत ट्रेन के ठहराव और अधूरे रेलवे ओवरब्रिज के कार्य जल्द पूरा कराने की मांग उठाई।

सांसद अरुण सागर ने रोजा क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 में पक्की सड़क निर्माण के लिए रेलवे की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा लगभग 200 मीटर लंबी और 5 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है, लेकिन संबंधित भूमि रेलवे की होने के कारण इसके लिए एनओसी आवश्यक है। इस संबंध में उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया गया, जिस पर रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

इसके अलावा सांसद ने डभौरा, मीरानपुर कटरा और कसरक रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उन्होंने निगोही-तिलहर रेलवे क्रॉसिंग (टीएलएच-334बी), मीरानपुर कटरा रेलवे क्रॉसिंग (341-सी) और कसरक रेलवे क्रॉसिंग (342-एसपीएल) पर बने पुलों को जल्द चालू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया, ताकि क्षेत्र की जनता को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

सांसद ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को लखनऊनई दिल्ली–लखनऊ मार्ग पर संचालित करते हुए शाहजहांपुर में इसके ठहराव की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी कार्यों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं, इसलिए तेज गति और आधुनिक सुविधाओं वाली ट्रेन का ठहराव यहां बेहद जरूरी है।

रेलवे बोर्ड अध्यक्ष सतीश कुमार ने शाहजहांपुर से जुड़ी समस्याओं पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सांसद अरुण सागर ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लगातार शीर्ष स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *