जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने पर 11 मार्च को सरोजनीनगर में मनाया जाएगा “आभार दिवस”

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के जनसेवा के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 11 मार्च को “आभार दिवस” मनाया जाएगा। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र की जनता के विश्वास, सहयोग और सहभागिता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह समारोह डॉ. राजेश्वर सिंह के विधायक आवास, सेक्टर-के, 950, आशियाना, लखनऊ में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का शुभारंभ और विस्तार किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह तीन नए रण बहादुर सिंह डिजिटल एजुकेशन एंड यूथ एम्पावरमेंट सेंटर का लोकार्पण करेंगे। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल कौशल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित शिक्षण और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पहले सरोजनीनगर में 14 आरबीएस डिजिटल सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 10 नए तारा शक्ति सिलाई केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। सरोजनीनगर में पहले से संचालित 162 तारा शक्ति सिलाई केंद्रों के माध्यम से अब तक 1700 से अधिक सिलाई मशीनें वितरित की जा चुकी हैं, जिससे अनेक महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।

डिजिटल शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस का विस्तार भी किया जाएगा। वर्तमान में सरोजनीनगर के 43 विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस स्थापित की जा चुकी हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम के अंतर्गत मेधावी सम्मान समारोह भी आयोजित होगा, जिसमें 25 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और 50 विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की जाएगी। अब तक डॉ. राजेश्वर सिंह के प्रयासों से सरोजनीनगर में 1700 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जा चुका है।

पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आरडब्ल्यूए में लाइब्रेरी का विस्तार भी किया जा रहा है। इस क्रम में पांच आरडब्ल्यूए में नई लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। अभी तक सरोजनीनगर में 42 आरडब्ल्यूए में लाइब्रेरी स्थापित हो चुकी हैं।

सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए “सेफ सरोजनीनगर” अभियान की शुरुआत की जाएगी, जिसके तहत 1000 हेलमेट वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के तहत वृहद वृक्षारोपण अभियान में 100 पौधे लगाए जाएंगे, जो “नेट जीरो सरोजनीनगर” के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए 10 नए यूथ क्लब स्थापित किए जाएंगे और उन्हें स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की जाएगी। सरोजनीनगर में अब तक 282 स्पोर्ट्स क्लब स्थापित कर खेल सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।

इस अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्रीय नागरिकों के साथ संवाद भी करेंगे और सरोजनीनगर के आगामी विकास की रूपरेखा पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर को शिक्षित, सशक्त, सुरक्षित और हरित क्षेत्र बनाने का संकल्प आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *