लखनऊ में अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार 25 लाख के जेवरात, नकदी और बाइक बरामद

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बिजनौर थाना पुलिस और सर्विलांस सेल दक्षिणी जोन की संयुक्त टीम ने चोरी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, 47,150 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों में रवेंद्र कुमार गौतम उर्फ छोटू पुत्र रामखिलावन, निवासी शुभम मार्केट दुर्गापुरी कॉलोनी फरीदीपुर थाना ठाकुरगंज लखनऊ (उम्र करीब 27 वर्ष), सन्नी रावत उर्फ कालिया पुत्र परशुराम, निवासी ग्राम हंसखेड़ा थाना पारा लखनऊ (उम्र करीब 25 वर्ष) और शिवा चौरसिया उर्फ जॉन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी काशीराम कॉलोनी सदरौना थाना पारा लखनऊ (उम्र करीब 24 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को पीएम आवास योजना गेट नंबर-02 के पास से गिरफ्तार किया गया।

पेंटिंग-कारपेंटरी के बहाने करते थे रेकी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले पेंटिंग और कारपेंटरी का काम करते थे। इस दौरान उन्हें घरों की स्थिति और वहां रहने वाले लोगों की जानकारी मिल जाती थी। बाद में वे मोटरसाइकिल से बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे और जब घर खाली मिलता था तो ताला तोड़कर अंदर घुस जाते थे। इसके बाद सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते थे और आपस में बांट लेते थे। कई बार चोरी करने के बाद वे लखनऊ छोड़कर दूसरे जिलों में भी चले जाते थे।

भारी मात्रा में जेवरात और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में जेवरात और अन्य सामान बरामद किया है। बरामद सामान में छह सोने की अंगूठियां, चार सोने की चेन, दो जोड़ी सोने के कंगन, तीन सोने के नोज पिन, चार जोड़ी सोने की बालियां, दो सोने के मांग टीका, एक जोड़ी झुमका, एक जोड़ी टाप्स, एक सोने का ओम पेंडल, चांदी की पायल, सिक्के, कड़े, प्लेट, कटोरी समेत अन्य सामान, 47,150 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल (यूपी-32-के-23335) शामिल है।

कई चोरी की घटनाओं का खुलासा

इस गिरोह की गिरफ्तारी से बिजनौर और अन्य थानों में दर्ज कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें थाना बिजनौर के मुकदमा संख्या 312/2025, 41/2026, 51/2026 और 52/2026 तथा थाना पीजीआई लखनऊ के मुकदमा संख्या 655/2025 प्रमुख हैं।

तीनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार तीनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है। रवेंद्र कुमार गौतम उर्फ छोटू पर करीब 13 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शिवा चौरसिया उर्फ जॉन पर लगभग 22 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं सन्नी रावत उर्फ कालिया पर भी करीब 13 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।

पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

इस कार्रवाई में शामिल सर्विलांस सेल दक्षिणी जोन और थाना बिजनौर की पुलिस टीम को अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी द्वारा 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरों या दफ्तरों में पेंटिंग, कारपेंटरी या अन्य कार्य कराने से पहले संबंधित व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अवश्य करा लें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *