उत्तर प्रदेश, 6 मार्च (RNN)। दिग्गज फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 2.67 एकड़ का एक भूखंड 35 करोड़ रुपये में खरीदा है।
रियल एस्टेट कंपनी ‘हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ (एचओएबीएल) ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि यह सौदा अमिताभ बच्चन की कंपनी ‘एबी कॉर्प लिमिटेड’ के प्रबंध निदेशक राजेश यादव के माध्यम से संपन्न हुआ।
कंपनी के अनुसार यह भूखंड उसकी 75 एकड़ की लक्जरी भू-विकास परियोजना ‘द सरयू’ के निकट स्थित है। इससे पहले जनवरी 2024 में भी अमिताभ बच्चन ने इसी परियोजना में एक प्लॉट खरीदा था।
कंपनी ने बताया कि अयोध्या में एचओएबीएल के माध्यम से यह बच्चन का तीसरा निवेश है, जबकि कुल मिलाकर यह उनका चौथा भूमि निवेश है।
इससे पहले अमिताभ बच्चन ने कंपनी की ‘सोल डे अलीबाग’ परियोजना में भी लगभग 10,000 वर्ग फुट का एक प्लॉट खरीदा था।
कंपनी के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि बुनियादी ढांचे के निरंतर विकास और सरकारी निवेश के कारण अयोध्या दीर्घकालिक भूमि निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
वर्ष 2020 में स्थापित ‘हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ देश की प्रमुख ब्रांडेड जमीन डेवलपर कंपनियों में से एक है। कंपनी ने पिछले पांच वर्षों में 1.3 करोड़ वर्ग फुट से अधिक विकसित भूमि बेची है और वर्तमान में लगभग 3.4 करोड़ वर्ग फुट भूमि पर विकास कार्य जारी है।
